सिंगर कनिका के तीसरे सैंपल की नहीं हुई जांच


लखनऊ पीजीआई के कोरोना वार्ड में भर्ती प्लेबैक सिंगर कनिका कपूर की लैब में तकनीकी कारणों से तीसरे नमूने की जांच नही हो सकी। शनिवार को कनिका समेत वार्ड में भर्ती अन्य एक संदिग्ध का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। हालांकि डॉक्टर कनिका की सेहत को स्थिर बता रहे हैं। पहले से अब स्वास्थ्य में सुधार भी है।
शुक्रवार को कनिका के अलावा छह अन्य के नमूने जांच के लिए भेजे गए थे। जांच के समय तकनीकी कारणों की वजह से कनिका के नमूने की जांच नहीं हो सकी, जबकि अन्य संदिग्धों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। वार्ड में भर्ती एक संदिग्ध की दो बार डीपी निगेटिव आने पर उसकी छुट्टी कर दी गई। कोरोना वार्ड में गुरुवार को लक्षण के आधार पर भर्ती किए गए संदिग्ध की रिपोर्ट निगेटिव आई है। कोरोना वार्ड के बाहर बनाये गये टी वन स्टेज में शनिवार को 8 संदिग्ध पहुंचे। इनमें कोरोना जैसे कोई लक्षण नहीं मिलने पर इन्हें घर भेज दिया गया। कोरोना वार्ड में कनिका के अलावा दो संदिग्ध भर्ती हैं।


दूसरी जांच रिपोर्ट भी आई थी पॉजिटिव :


कनिका का दूसरी आज कोरोना टेस्ट 24 मार्च को कराया गया था।   जांच रिपोर्ट में वायरल लोड ज्यादा होने की पुष्टि हुई थी। पीजीआई के सीएमएस डॉ. अमित अग्रवाल ने उस समय बताया था कि कोरोना वार्ड में भर्ती कनिका का इलाज इमरजेंसी मेडिसिन, पलमोनरी मेडिसिन समेत अन्य कई विभागों के डॉक्टरों की निगरानी में किया जा रहा है। इस वार्ड को चार जोन में बांटा गया है। समूचे क्षेत्र को आइसोलेटेड किया गया है। ताकि  कोरोना का संक्रमण संस्थान के अन्य किसी के डॉक्टर और अन्य स्टाफ को न हो। 


क्या है मामला :


कनिका 11 मार्च को लंदन से लखनऊ आई थीं। कनिका ने गत 13, 14 और 15 मार्च को होली से जुड़ी दो-तीन पार्टियों में शिरकत की थी। वे छोटे आयोजन थे और कुल मिलाकर कर इनमें 250 से 300 लोगों ने शिरकत की थी। कनिका की शिरकत वाली पार्टियों में अनेक राजनेता और अधिकारी भी शामिल हुए, जिनमें उत्तर प्रदेश के कुछ मंत्री भी हैं।  


दूसरे विभागों में भर्ती पांच मरीजों के नमूने लिए
पीजीआई के अलग-अलग विभाग के वार्ड में भर्ती पांच मरीजों में कोरोना जांच के नमूने लिए गए हैं। इन मरीजों में कई दिन से बुखार, सर्दी और खांसी आ रही थी। इन्हीं लक्षणों के आधार पर कोरोना की आशंका के चलते डॉक्टरों के निर्देश पर इन मरीजों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।